
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और सम्मानजनक जीवन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। वे आज रायपुर स्थित एक निजी होटल में छत्तीसगढ़ सीमेंट ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जरूरतमंद दिव्यांग बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने घोषणा की कि रायपुर में 5 एकड़ भूमि पर सर्व-सुविधायुक्त दिव्यांग पार्क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पार्क न केवल मनोरंजन का केंद्र होगा, बल्कि दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध करा रही है और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ऋण सुविधा भी प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों से आत्मीयता के साथ संवाद किया और साइन लैंग्वेज के माध्यम से “गुड मॉर्निंग” और “गुड आफ्टरनून” जैसे शब्द सीखकर उनका उत्साह बढ़ाया। कोंपलवाणी और अर्पण संस्था के बच्चों द्वारा साइन लैंग्वेज में प्रस्तुत शानदार प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल रमेश बैस ने कहा कि दिव्यांग बिल पारित होने के बाद उनकी सुविधाओं में तीन गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि समाज को दिव्यांगजनों की चुनौतियों को समझने और उन्हें सहयोग देने की दिशा में संवेदनशील बनना चाहिए।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी के कारण इस वर्ष दीपावली का उत्सव और अधिक हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप छत्तीसगढ़ का योजनाबद्ध विकास जारी है। वहीं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने इस आयोजन को “मानवता और संवेदनशीलता का सुंदर उदाहरण” बताया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने पैरों से चित्रकारी करने वाले दिव्यांग कलाकार गोकर्ण पाटिल की कला की सराहना की और दिव्यांग बच्चों को गर्म कपड़े वितरित किए।
इस अवसर पर विधायक इंद्र कुमार साहू, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, एसोसिएशन के अध्यक्ष अंजय शुक्ला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा दिव्यांग संस्थाओं के सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा —
“यह वर्ष छत्तीसगढ़ के निर्माण का 25वां वर्ष है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे। विकसित भारत के साथ-साथ विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार करने की दिशा में राज्य सरकार सतत प्रयासरत है।”










