
KPN24:- छठ महापर्व की पावन बेला पर सम्पूर्ण प्रदेश में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के कुनकुरी छठ घाट पहुंचे, जहाँ उन्होंने उगते सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि —
“छठ पूजा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि सूर्य उपासना, जल और प्रकृति के प्रति आभार का पवित्र संकल्प है। यह पर्व मातृशक्ति के तप, संयम और श्रद्धा का जीवंत प्रतीक है।”
उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत सौभाग्य का क्षण है कि उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र में आस्था और लोकपरंपरा के इस अद्भुत संगम का साक्षी बनने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री ने बताया कि कुनकुरी छठ घाट के सौंदर्यीकरण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार हेतु लगभग 5 करोड़ 17 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे यहां की धार्मिक और पर्यटन महत्ता और भी बढ़ेगी।
पूरे घाट परिसर में भक्तों के “जय छठ मइया”, “जय सूर्य देव” के जयघोष गूंज उठे। महिलाओं ने पारंपरिक व्रत गीतों के साथ सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित किया —
“कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय…”
ऐसे मधुर गीतों से पूरा वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा —
“सूर्य देव और छठ मइया सबके जीवन में नई ऊर्जा, आनंद और समृद्धि का संचार करें।”










