
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे प्रदेश में रजत जयंती वर्ष बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले में 02 से 04 नवम्बर 2025 तक शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में तीन दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर के मुख्य अतिथि के रूप में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा शामिल होंगे।
राज्योत्सव की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि राज्योत्सव के सफल आयोजन हेतु सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।
कलेक्टर महोबे ने कहा कि राज्य के 25 वर्ष की उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाए, ताकि आमजन तक शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी सुगमता से पहुंच सके। उन्होंने सांस्कृतिक मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, प्रवेश द्वार एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।










