
KPN24:- जांजगीर-चापा जिले में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर “रजत महोत्सव” के अवसर पर जिले में तीन दिवसीय भव्य राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 2 से 4 नवम्बर 2025 तक शासकीय हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा होंगे। आयोजन की विस्तृत जानकारी कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी।
कलेक्टर महोबे ने बताया कि इस बार राज्योत्सव कार्यक्रम को विशेष रूप से छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव थीम पर तैयार किया गया है। इस दौरान जिले के विभिन्न विभागों द्वारा 25 वर्ष की विकास यात्रा और उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सफल परियोजनाओं तथा नागरिक हितों से जुड़ी योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जिले के पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ वितरण भी किया जाएगा। राज्योत्सव के दौरान 1 से 5 नवम्बर तक सभी प्रमुख शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।
इस बार प्रदर्शनी में कुल 38 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें विशेष रूप से पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, स्वास्थ्य शिविर, आयुष विभाग का पंचकर्म शिविर जैसी पहलें शामिल रहेंगी।
कलेक्टर ने बताया कि प्रतिदिन शाम 4 से 6 बजे तक स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, वहीं 6 से 8 बजे तक स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम होंगे।
2 नवम्बर को रात्रि 8 से 10 बजे तक जय अम्बे जागरण ग्रुप के देवेश शर्मा का विशेष प्रस्तुतीकरण होगा।
3 नवम्बर को रात्रि 8 से 10 बजे तक प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी लोकगायक सुनील सोनी अपनी प्रस्तुति देंगे।
4 नवम्बर को रात्रि 8 से 9 बजे तक बॉलीवुड बैंड बिलासपुर और रात्रि 9 से 10 बजे तक छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कलामंच लोकरंग अर्जुंदा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, सहायक संचालक जनसंपर्क जरीफ खान, मीडिया प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










