"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

विजन 2047 की ओर सशक्त कदम: छत्तीसगढ़ टेक स्टार्ट 2025 ने खोले नवाचार के नए द्वार

KPN24 :- नया रायपुर स्थित मेफेयर होटल में आज ‘छत्तीसगढ़ टेक स्टार्ट 2025’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि “टेक स्टार्ट” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह विजन 2047 की दिशा में राज्य को नवाचार और तकनीकी उद्यमिता के नए युग में प्रवेश कराने वाला आंदोलन है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने बताया कि भारत में आज लाखों स्टार्टअप कार्यरत हैं, जिनमें से कई यूनिकॉर्न बन चुके हैं, और अब छत्तीसगढ़ भी इस दिशा में अग्रसर है।

युवाओं की नवाचार क्षमता से बनेगा तकनीकी भविष्य

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की अद्भुत क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथैरेपिस्ट हैं, जबकि स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल फाइटर प्लेन उड़ाकर राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस और सिंगल विंडो सिस्टम को सशक्त करते हुए 350 से अधिक सुधार किए गए हैं, जिससे छत्तीसगढ़ निवेश के लिए देश के सबसे आकर्षक राज्यों में शामिल हो गया है।

आइडियाथॉन 2025: 1800 से अधिक स्टार्टअप आइडियाज, नवाचार की नई उड़ान

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में आयोजित आइडियाथॉन 2025 में प्रदेशभर से 1800 से अधिक स्टार्टअप आइडिया प्राप्त हुए, जिनमें दूरस्थ अंचलों के युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन नवाचारों को मंच, मार्गदर्शन और वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।

रायपुर को आईटी और तकनीकी सेवाओं का हब बनाने की दिशा में एआई डेटा सेंटर पार्क और सेमीकंडक्टर प्लांट जैसी परियोजनाएं तेजी से साकार हो रही हैं। उन्होंने बताया कि अब तक राज्य को साढ़े सात लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने ‘आइडियाथॉन 2025’ विजेताओं को किया सम्मानित

टेक स्टार्ट कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया।

आदर्श वर्मा को दिव्यांगजनों के लिए स्मार्ट बैंड के लिए प्रथम पुरस्कार,

जागृति और नरेंद्र शर्मा को ‘अटल कवच ट्री गार्ड’ के लिए द्वितीय पुरस्कार,

अथर्व दुबे को स्मार्ट सुरक्षा हेलमेट के लिए तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसके साथ ही निपुण वर्मा और अनुष्का सोनकर को भी नवाचारी विचारों के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने करण चंद्राकर (एग्रोफेब सस्टेनेबल), सजल मल्होत्रा (वर्टेक्स सुइट) और अमित पटेल (लैरक एआई) को भी नवाचार क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कृत किया।

पार्टनरशिप एक्सचेंज से खुले सहयोग के द्वार

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में माइटी स्टार्टअप हब, नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन, वाधवानी फाउंडेशन, नैस्कॉम फाउंडेशन, स्टार्टअप मिडिल ईस्ट, कार्व स्टार्टअप लैब और छत्तीसगढ़ शासन के मध्य पार्टनरशिप एक्सचेंज हेतु समझौता पत्र सौंपे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और उद्योग जगत के बीच यह साझेदारी राज्य को इनोवेशन और निवेश का नया पावर सेंटर बनाएगी।

एआई आधारित नवाचारों का अवलोकन – युवाओं का उत्साहवर्धन

मुख्यमंत्री श्री साय ने एआई आधारित स्टॉलों का अवलोकन किया और युवा उद्यमियों के प्रोजेक्ट्स की जानकारी ली।
उन्होंने युवाओं की तकनीकी समझ और रिसर्च क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि –

“आपकी मेहनत और प्रतिभा ही छत्तीसगढ़ का गौरव बनेगी, सरकार आपके साथ चट्टान की तरह खड़ी है।”

नई औद्योगिक नीति 2024: विजन 2047 की मजबूत नींव

मुख्य सचिव विकास शील ने बताया कि नई औद्योगिक नीति 2024 का उद्देश्य उद्यमिता, नवाचार और रोजगार को बढ़ावा देना है।
उन्होंने ई-वेस्ट मैनेजमेंट, राइजिंग सेक्टर और स्किल डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में अवसर बढ़ाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार और उद्यमियों के बीच संवाद केवल विशेष अवसरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह एक सतत प्रक्रिया होनी चाहिए जिससे विचारों का आदान-प्रदान लगातार होता रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित रहे गणमान्य अतिथि

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, निवेश आयुक्त श्रीमती ऋतु सैन, सचिव राहुल भगत, डीजी एसटीपीआई अरविंद कुमार, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, संचालक प्रभात मलिक, उप सचिव सुश्री रेना जमील, सीएसआईडीसी के प्रबंध निदेशक विश्वेश कुमार सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More