"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जिला पंचायत की सामान्य सभा सम्पन्न — हर घर तक पानी पहुंचाने के निर्देश

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला पंचायत जांजगीर-चांपा की सामान्य सभा की बैठक आज जिला पंचायत अध्यक्ष इंजीनियर सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्षगण, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जल जीवन मिशन, फ्लाई ऐश एवं स्लैगचुरी के उपयोग, आंगनबाड़ी केन्द्रों, छात्रावासों, स्वास्थ्य सेवाओं और आगामी धान खरीदी तैयारियों की समीक्षा की गई। अध्यक्ष मिरी ने निर्देश दिए कि हर घर तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए और इसकी जांच जिला पंचायत सदस्य स्वयं करें। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन या सप्लाई में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विभाग से जवाब लेकर सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में फ्लाई ऐश और स्लैगचुरी के उपयोग में पारदर्शिता और पर्यावरण अनुमति की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि अनुमति और प्रमाणपत्र जारी करने की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक की जाए, ताकि पर्यावरण नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।

आदिम जाति विभाग के छात्रावासों में दाखिला संख्या और राशि आबंटन की वास्तविक जांच करने का निर्णय लिया गया। जहां अनियमितता पाई जाए, वहां जिम्मेदार अधिकारियों से राशि वसूली की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों में उपस्थिति और अस्पतालों में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने पर बल दिया गया। आगामी धान खरीदी सीजन 2025-26 को लेकर अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित हो।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More