
KPN24:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा आउटडोर स्टेडियम में आज राष्ट्रीय सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैंपियनशिप-2025 का शानदार आयोजन हुआ। आयोजन स्थल पर रोमांच, उत्साह और युवाओं की ऊर्जा का जबरदस्त नजारा देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन खेल, युवा शक्ति, अनुशासन, साहस और जिम्मेदारी का उत्सव है। देशभर से आए 100 से अधिक प्रोफेशनल राइडर्स और हजारों दर्शकों की उपस्थिति ने इस प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर का आकर्षण बना दिया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “जैसे रजत जयंती महोत्सव के दौरान एयरोबेटिक शो ने आसमान में देशभक्ति का जोश जगाया, वैसे ही यह सुपरक्रॉस चैंपियनशिप ज़मीन पर युवाओं के जुनून को नई उड़ान दे रही है।”
उन्होंने प्रतिभागियों और दर्शकों को सुरक्षा का संदेश देते हुए कहा, “जीवन अनमोल है — हमेशा हेलमेट पहनें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना, स्पोर्ट्स टूरिज़्म और मोटर स्पोर्ट्स जैसे नए क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए ठोस प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप राज्य को खेल जगत में नई पहचान दिला रही है और युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोल रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे सुरक्षित रेस करें, अपने कौशल का प्रदर्शन करें और दर्शक जिम्मेदारी के साथ इस खेल का आनंद लें।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक, अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में दर्शकगण उपस्थित थे।










