
“ट्रॉफी का छत्तीसगढ़ आगमन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत” – मुख्यमंत्री साय
KPN24:- छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर आज एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने एफआईएच जूनियर मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप भी उपस्थित रहे।
यह पहली बार है जब जूनियर वर्ल्ड कप ट्रॉफी भारत टूर के दौरान छत्तीसगढ़ पहुंची। विधानसभा परिसर में आयोजित गरिमामयी समारोह में ट्रॉफी के अनावरण के साथ ही खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इसे राज्य के लिए सम्मान का क्षण बताते हुए कहा कि भारत में एफआईएच जूनियर वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ट्रॉफी टूर देशभर में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया द्वारा अभियान की शुरुआत को खेल भावना को नई ऊर्जा देने वाला कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ हमेशा से हॉकी की उर्वर भूमि रहा है। राजनांदगांव, बस्तर, जशपुर, सरगुजा, रायपुर, कोरबा एवं बिलासपुर जैसे जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। ट्रॉफी का आगमन निश्चित रूप से राज्य के उभरते खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मज़बूत करने, प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी खिलाड़ियों एवं खेल संगठनों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ट्रॉफी का यह ऐतिहासिक अनावरण राज्य के खेल जगत के लिए सौभाग्य का अवसर है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
भारत पहली बार करेगा जूनियर वर्ल्ड कप की मेजबानी
एफआईएच हॉकी जूनियर मेन्स वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन भारत पहली बार कर रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलेगी और तमिलनाडु के चेन्नई एवं मदुरै में आयोजित की जाएगी।










