
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज खरौद उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर वहां की संपूर्ण धान खरीदी व्यवस्था का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री महोबे ने केंद्र में धान बेचने पहुंचे किसान का फूलमाला पहनाकर एवं श्रीफल भेंटकर आत्मीय सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने किसान से खरीदी प्रक्रिया, व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बातचीत की तथा उसकी संतुष्टि की जानकारी ली।
कलेक्टर ने केंद्र में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पंजीकृत किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और सुचारु रूप से संचालित की जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री महोबे ने बारदाना उपलब्धता, इंटरनेट कनेक्टिविटी, पेयजल, शेड/छाया, बिजली, चबूतरा, भंडारण स्थल और पहुंच मार्ग जैसी जरूरी व्यवस्थाओं की भी बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को केंद्र में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य अधिकारी कौशल साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










