
नवनियुक्त अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हुए शामिल
KPN24:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज सभागार में आज आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज (व्यापार एवं विकास) सहकारी संघ मर्यादित के नवनियुक्त अध्यक्ष रूप साय सलाम और उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा को पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि संघ की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है और नई टीम निश्चित रूप से संवेदनशीलता व दक्षता के साथ प्रदेश के वनवासियों की बेहतरी के लिए कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि श्री रूप साय सलाम जनजातीय समुदाय से आते हैं और समुदाय की समस्याओं व आवश्यकताओं को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वनवासियों की आय बढ़ाने, उनकी आजीविका को सशक्त करने और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने स्मरण दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय समाज के उत्थान को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया और केंद्र में पृथक जनजातीय मंत्रालय की स्थापना की। वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित ‘धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना’ व ‘पीएम जनमन योजना’ से जनजातीय बहुल इलाकों में महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि तेंदूपत्ता संग्राहकों को छत्तीसगढ़ में देश का सर्वाधिक मूल्य दिया जा रहा है। वनोपज के वैल्यू एडिशन पर विशेष जोर देकर वनवासी समुदाय की आय में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित की जा रही है।
वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह प्रदेश का सौभाग्य है कि छत्तीसगढ़ के मुखिया स्वयं जनजातीय समाज से आते हैं और वनवासी भाई-बहनों की पीड़ा व आकांक्षाओं को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य की 32 प्रतिशत आबादी जनजातीय है और 44 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित है, ऐसे में वनोपज ही उनकी प्रमुख आजीविका है। तेंदूपत्ता को ‘हरा सोना’ की संज्ञा देते हुए वनमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा तेंदूपत्ता का मूल्य 4,000 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा करना ऐतिहासिक कदम है, जिससे छत्तीसगढ़ देश में प्रथम स्थान पर है।
वनमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने चरण पादुका योजना को पुनः प्रारंभ किया है तथा वनोपज संग्राहक परिवारों के जीवन स्तर सुधार के लिए कई प्रभावी पहल की जा रही हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, नान के चेयरमैन संजय श्रीवास्तव, योग आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण सिन्हा, आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज, वनबल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव सहित लघु वनोपज संघ के सदस्य तथा प्रदेशभर से आए बड़ी संख्या में वनोपज संग्राहक उपस्थित थे।










