
KPN24:- सारंगढ़–भिलाईगढ़ जिले में सोमवार शाम एक बड़ी घटना सामने आई, जब बिलासपुर के राजकिशोर नगर निवासी सत्यवती सूर्यवंशी की 4 वर्षीय बच्ची निधियाना सूर्यवंशी को कार चालक द्वारा किडनैप कर लिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र के पुलिस थानों में सतर्कता बढ़ाई गई और नाकाबंदी कर आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम सक्रिय हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, सत्यवती सूर्यवंशी अपनी पुत्री निधियाना को सफेद डिजायर कार में रतनपुर के एक पटेल ड्राइवर के साथ सरसिंवा, जिला सारंगढ़–भिलाईगढ़ आई थी। वापसी के दौरान वे सलिहाघाट, थाना भटगांव के बाजार में सब्जी लेने रुकीं। इस दौरान उन्होंने अपनी बच्ची को मोबाइल देकर कार में बैठाया था। तभी मौका पाकर चालक बच्ची को लेकर फरार हो गया।

बच्ची के पास रखा मोबाइल (नंबर 7024788634) स्विच ऑन होने से पुलिस को लोकेशन ट्रेस करने में बड़ी मदद मिली। घटना की जानकारी मिलते ही बम्हनीडीह, नवागढ़, शिवरीनारायण, चांपा, हथनेवरा और सारागांव थाना क्षेत्रों में तत्काल नाकाबंदी कर दी गई।
तेज़ी से की गई कार्रवाई का परिणाम यह हुआ कि जांजगीर जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में लगाए गए नाके पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और विभिन्न थानों के समन्वय से यह बड़ी सफलता मिली, जिससे बच्ची सुरक्षित अपने परिजनों के पास लौट सकी।










