
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के हल्क फिटनेस क्लब के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शानू रॉय ने एक बार फिर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। फिटनेस और पावरलिफ्टिंग के क्षेत्र में उभरते सितारे शानू रॉय का चयन वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 के लिए हुआ है, जो श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में 27 से 30 नवंबर तक आयोजित की जाएगी।
खेल जगत के अनुसार यह अब तक का भारत का सबसे बड़ा पावरलिफ्टिंग दल होगा। पूरे देश से कुल 52 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिनमें से छत्तीसगढ़ से 8 खिलाड़ी शामिल हैं। इन्हीं चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में हल्क फिटनेस क्लब के शानू रॉय भी शामिल हैं, जो इस अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
हल्क फिटनेस क्लब ने इसे क्लब और जिले के लिए गर्व का क्षण बताया है। क्लब ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और निरंतर मेहनत को उनकी सफलता का आधार बताया।
कोच कैलाश वर्मा एवं किशन वर्मा ने कहा कि शानू रॉय की यह उपलब्धि क्लब के सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। उनके मार्गदर्शन में हल्क फिटनेस क्लब के सदस्य पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बॉडीबिल्डिंग, फिटनेस मॉडलिंग और मैंस-विमेंस मॉडलिंग जैसी विभिन्न राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में लगातार श्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं।
हल्क फिटनेस क्लब का कहना है कि वे भविष्य में भी जिले से और अधिक खिलाड़ियों को तैयार कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत रहेंगे।










