
KPN24:- जांजगीर-चांपा की जनपद पंचायत बलौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरगहनी च में सोमवार की रात रात्रिकालीन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
चौपाल में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से ग्राम के सभी पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में ग्रामीण स्वयं अपने आवासों का निर्माण कर रहे हैं, जिसके लिए मनरेगा के माध्यम से 90 दिनों का रोजगार एवं मजदूरी 23,490 रुपये तक उपलब्ध कराया जा रहा है। आवास निर्माण हेतु 1.20 लाख रुपये किस्तों में प्रदान किए जा रहे हैं। साथ ही शौचालय निर्माण, आजीविका संवर्धन तथा अन्य योजनाओं के जरिए ग्रामीणों के जीवन स्तर को सुदृढ़ किया जा रहा है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रावटे ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घर स्वयं बनाकर ग्राम को आदर्श ग्राम बनाने में सहभागिता निभाएं। चौपाल में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में ग्राम का प्रत्येक परिवार पक्की छत के साथ सुरक्षित आवास का लाभ प्राप्त करेगा।
चौपाल में जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कुल 324 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 159 आवास निर्माणाधीन एवं 165 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
इसी दौरान श्री रावटे ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के बारे में भी जानकारी देते हुए कहा कि पक्के मकानों की छतों पर कम लागत में सोलर पैनल स्थापित किए जा सकते हैं, जिसके लिए अनुदान एवं बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध है।
इस अवसर पर जिला पंचायत समन्वयक सुश्री श्रेया सिंह, सहायक अभियंता करण पांडे, जनपद पंचायत बलौदा सीईओ रोहित नायक, तकनीकी सहायक सुश्री प्रमिला भारद्वाज, विकास विस्तार अधिकारी श्रीमती नीतू साहू गुप्ता, ग्राम पंचायत बिरगहनी च के सरपंच, सचिव एवं आवास मित्र सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।










