
KPN24:- सक्ती जिले की नगर पंचायत जैजैपुर में प्रयास अकैडमी संस्था द्वारा नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए विशेष पूर्व तैयारी शिविर का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगी तैयारी शिविर में चार जिलों से आए हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संस्था के अनुसार, नवोदय विद्यालय में चयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों को मॉडल पेपर एवं टेस्ट आधारित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कई अभिभावकों ने अपने चौथी कक्षा में पढ़ने वाले बच्चों को भी एडवांस तैयारी के लिए शामिल कराया है। वहीं, पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने मुख्य रूप से प्रवेश परीक्षा की तैयारी में भाग लिया।
इस प्रशिक्षण को सफल बनाने हेतु 70 स्वयंसेवी सहयोगकर्ताओं ने अपना समय और सेवा समर्पित की। प्रयास अकैडमी द्वारा आए सभी प्रतिभागियों के लिए नाश्ता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई।
प्रयास अकैडमी के संचालक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम प्रदेश स्तरीय नवोदय चयन प्रतियोगिता के रूप में आयोजित किया गया है, जिससे अनेक जिलों के अभिभावकों ने जागरूकता के साथ अपने बच्चों को इस परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान पी.एम. स्वामी आत्मानंद स्कूल और संस्कार स्कूल जैजैपुर में परीक्षा आयोजित की गई, जहां बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
संचालक ने कहा—
“आने वाले समय में यही बच्चे क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे और सर्वोच्च पदों पर पहुंचेंगे। यही आशा और उद्देश्य लेकर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।”
यह प्रयास लगातार चौथी बार नगर पंचायत जैजैपुर में संपन्न हुआ, जिसने शिक्षा के क्षेत्र में नई जागरूकता और नई ऊर्जा उत्पन्न की है। अभिभावकों ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के उज्जवल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।










