
13 दिसंबर को जिलेभर में आयोजित होगी लोक अदालत
मनीष विद्यार्थी खरगोन।
KPN24:- खरगोन में जिलेभर के सभी न्यायालयों में 13 दिसंबर को लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इसी संदर्भ में गुरुवार को मंडलेश्वर जिला न्यायालय से भीकनगांव सिविल न्यायालय पहुंचे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिलेश जोशी ने अधिवक्ताओं को मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित और सुलभ समाधान का प्रभावी माध्यम है, इसलिए अधिवक्ता साथियों से अपेक्षा है कि वे बेंच के साथ मिलकर अधिकाधिक समझौता योग्य प्रकरणों का निराकरण कराएं। इससे न केवल अदालतों में लंबित मामलों का बोझ कम होगा, बल्कि पक्षकारों का समय और आर्थिक नुकसान भी रोका जा सकेगा।
कार्यक्रम में अपर जिला न्यायाधीश के.के. नीमा, प्रीति जैन (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण), व्यवहार न्यायाधीश निर्भय कुमार गरवा, अतिरिक्त व्यवहार न्यायाधीश राजेंद्र बर्मन एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी चंद्रेश मंडलोई उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संचालन अधिवक्ता अंकित मालीवाल ने किया। अभिभाषक संघ के अध्यक्ष निर्मल जैन एवं सचिव मनीष गंगराड़े ने बार एसोसिएशन की ओर से आश्वासन दिया कि लोक अदालत में अधिकतम मामलों के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
साथ ही उन्होंने कोर्ट भवन में लंबे समय से बंद पड़ी लिफ्ट को पुनः शुरू करने की मांग रखी, जिस पर प्रधान न्यायाधीश जोशी ने शीघ्र सुधार कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं न्यायालय स्टाफ उपस्थित रहा।










