
जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोहन कुमारी साहू रहीं मुख्य अतिथि
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग की नि:शुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत बम्हनीडीह विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल करनौद में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोहन कुमारी (मीनू) साहू शामिल हुईं।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत करनौद की सरपंच श्रीमती रेवती शैलेन्द्र डडसेना द्वारा हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विद्यालय के प्राचार्य शिवकुमार पटेल द्वारा उपस्थित छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलें वितरित की गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सभापति श्रीमती मोहन कुमारी साहू ने छत्तीसगढ़ शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नि:शुल्क साइकिल योजना से विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं के लिए शिक्षा की राह और अधिक आसान हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का उद्देश्य हर विद्यार्थी तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित विद्यालय आने तथा निरंतर अध्ययन कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने आगे कहा कि इस योजना के तहत छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिल रही है, जिससे शिक्षा के प्रति उनका रुझान बढ़ेगा और ड्रॉपआउट की समस्या में भी कमी आएगी।
कार्यक्रम में शाला विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा देवांगन, भागवताचार्य महाराज भागीरथी पाण्डेय, मितानिन सुनीता चौहान, शिक्षक ओमकार सिंह पैकरा सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य शिवकुमार पटेल द्वारा आभार व्यक्त किया गया।










