
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल एवं राजस्व अमले द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू ने बताया कि जांच के दौरान चांपा क्षेत्र में खनिज रेत के अवैध भंडारण स्थल से 01 ट्रैक्टर (लोडर) तथा अवैध परिवहन में संलिप्त 04 ट्रैक्टर पाए गए। अवैध भंडारण एवं परिवहन में लिप्त पाए जाने पर सभी वाहनों को खनिज नियमों के तहत जब्त कर चांपा थाना में सुरक्षार्थ रखा गया है।
इसके अतिरिक्त ग्राम बरसपुर स्थित हसदेव नदी से खनिज रेत के अवैध उत्खनन में संलिप्त 01 चैन माउंटेन मशीन को जब्त कर सील किया गया है। वहीं तहसील बलौदा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते हुए 03 ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं।
कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण हेतु जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल एवं राजस्व अमले द्वारा निरंतर कार्रवाई जारी है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
बम्हनीडीह क्षेत्र में रेत की 02 अस्थायी भंडारण अनुज्ञप्तियां निरस्त
उल्लेखनीय है कि विगत दिवस बम्हनीडीह क्षेत्र अंतर्गत छत्तीसगढ़ (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम, 2009 के तहत स्वीकृत रेत की दो अस्थायी भंडारण अनुज्ञप्तियों को निरस्त किया गया है।
ग्राम अमोदी में मेसर्स आर.बी. कंस्ट्रक्शन के पक्ष में स्वीकृत गौण खनिज रेत की अस्थायी भंडारण अनुज्ञप्ति में बार-बार नियमों का उल्लंघन तथा पाई गई अनियमितताओं का समाधान नहीं किए जाने के कारण अनुज्ञप्ति निरस्त की गई। वहीं ग्राम बम्हनीडीह में मेसर्स बाबा सिद्धेश्वर कंस्ट्रक्शन के पक्ष में स्वीकृत अस्थायी भंडारण अनुज्ञप्ति में अनियमितता, भंडारण नियमों के उल्लंघन एवं कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने के चलते अनुज्ञप्ति निरस्त की गई है।










