
KPN24:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास द्वारा बताए गए सत्य, समानता और मानवता के मार्ग पर चलकर ही छत्तीसगढ़ को एक विकसित राज्य बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महापुरुषों के आदर्शों और सपनों के अनुरूप समतामूलक, न्यायपूर्ण और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय आज मुंगेली जिले के लालपुर धाम में आयोजित गुरु घासीदास जयंती एवं तीन दिवसीय मेले के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
लालपुर को मिली विकास कार्यों की बड़ी सौगात
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने लालपुर में नवीन महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा की। साथ ही मेला एवं कार्यक्रम आयोजन हेतु दी जाने वाली राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने, कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 25 लाख रुपये तथा मुंगेली स्थित सतनाम भवन के जीर्णोद्धार हेतु 25 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की।
मंदिर एवं जैतखाम में की पूजा-अर्चना
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री साय ने बाबा गुरु घासीदास मंदिर एवं जैतखाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
प्रधानमंत्री की गारंटियों पर तेजी से अमल
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अधिकांश गारंटियों को पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 18 लाख आवासों की स्वीकृति दी जा चुकी है। सरकार प्रत्येक पात्र किसान से धान खरीदी के लिए पूर्ण रूप से संकल्पित है।
किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते दो वर्षों में धान के रकबे और किसानों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जा रहा है। पीएसी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। नई औद्योगिक नीति लागू कर युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिससे हर वर्ग का बेटा-बेटी उद्यमी बन सके।
इस अवसर पर सतनाम आचार संहिता एवं जागरूकता कैलेंडर का भी विमोचन किया गया।
सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के फैसले
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अनुसूचित जाति प्राधिकरण को सशक्त करते हुए उसका बजट 50 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये किया गया है।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में सर्व समाज का समावेशी विकास हो रहा है। अनुसूचित समाज के पांच प्रतिभावान युवाओं को पायलट प्रशिक्षण के लिए 15-15 लाख रुपये की सहायता देना सरकार की दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, विधायक डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पूर्व विधायक सनम जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, उपाध्यक्ष श्रीमती शांति देवचरण भास्कर, जनपद अध्यक्ष लोरमी श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सुजीत वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में सतनामी समाज के अनुयायी उपस्थित रहे।










