"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

केरल के पलक्कड़ में छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूर की हत्या पर मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक

पीड़ित परिवार को ₹5 लाख की सहायता, पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक गृह ग्राम लाने की व्यवस्था

KPN24:- केरल के पलक्कड़ जिले में छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूर रामनारायण बघेल, निवासी ग्राम करही, तहसील हसौद, जिला सक्ती, की नृशंस हत्या की घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकसंतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसी निर्दोष नागरिक के साथ इस प्रकार की अमानवीय हिंसा सभ्य समाज के मूल्यों के सर्वथा विपरीत है और मानवता को शर्मसार करने वाली है। उन्होंने इस दुखद घटना को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने मृतक के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। साथ ही, परिवार के सदस्यों को तत्काल केरल भेजने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्री रामनारायण बघेल के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके गृह ग्राम लाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। पार्थिव शरीर कल हवाई मार्ग से छत्तीसगढ़ लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने केरल सरकार से इस जघन्य अपराध में संलिप्त सभी दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अमानवीय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More