
KPN24:- छत्तीसगढ़ की राजधानी में डी.एड. अभ्यर्थियों की शीघ्र नियुक्ति की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को जन चेतना भारत पार्टी का पूर्ण समर्थन मिला है। पार्टी के अध्यक्ष जसबीर सिंह चावला ने स्पष्ट कहा है कि जब तक अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक पार्टी कंधे से कंधा मिलाकर उनके साथ खड़ी रहेगी और आंदोलन में अंत तक सहयोग करेगी।
तूता धरना स्थल पर आमरण अनशन पर बैठे डी.एड. अभ्यर्थियों के बीच पहुंचकर जन चेतना भारत पार्टी के अध्यक्ष जसबीर सिंह चावला एवं महासचिव जयंत गायधने ने अभ्यर्थियों से विस्तृत चर्चा की। इस दौरान अभ्यर्थियों की मांगों के साथ-साथ सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़े विभिन्न शासकीय एवं न्यायालयीन निर्णयों पर भी गंभीर मंथन किया गया।
चर्चा के उपरांत पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार अनैतिक तरीके से डी.एड. अभ्यर्थियों के आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है। पार्टी का कहना है कि आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों की सुध तक नहीं ली जा रही और न्यायालय के आदेशों की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है। यह स्थिति अभ्यर्थियों को मरने के लिए छोड़ देने जैसी है, जो पूरी तरह अमानवीय है।
जसबीर सिंह चावला ने बताया कि सहायक शिक्षक भर्ती के कुल 2616 पदों में से मात्र 1299 पदों पर ही नियुक्ति की गई है, जबकि लगभग 50 प्रतिशत पद आज भी रिक्त हैं। इसके बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया को बंद करने की मंशा दिखाई दे रही है, जो न केवल अभ्यर्थियों के साथ अन्याय है, बल्कि न्यायालयीन आदेशों की खुली अवहेलना भी है।
उन्होंने कहा कि साय सरकार की यह कार्यप्रणाली तथाकथित “साय सुशासन” की पोल खोलती है और इसे महज एक ढोंग साबित करती है।
अंत में जन चेतना भारत पार्टी ने दो टूक कहा कि वह डी.एड. अभ्यर्थियों की इस न्यायपूर्ण लड़ाई में पूरे समर्थन के साथ शामिल है और यह संघर्ष अब अंत तक लड़ा जाएगा










