
जय हनुमान रामलीला मंडली घिवरा द्वारा आयोजन, प्रतिदिन जीवंत झांकियों और श्रीकृष्ण लीलाओं की प्रस्तुति
KPN24:- सक्ती जिले के जैजैपुर विकासखंड अंतर्गत जगत जननी आदि शक्ति मां डोकरी दाई की पावनधरा ग्राम घिवरा स्थित भीम सागर सरोवर में आज 6 जनवरी से 10 जनवरी तक पांच दिवसीय भव्य नागलीला मेला महोत्सव का शुभारंभ हो रहा है। इस धार्मिक–सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन जय हनुमान रामलीला मंडली घिवरा द्वारा किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धा, आस्था और लोकसंस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत घिवरा के सरपंच श्री विनय कुमार कश्यप, जनपद सदस्य श्रीमती सुनीता गोपी कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
आयोजन के तहत प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक भीम सागर सरोवर तट पर नागलीला की जीवंत झांकियों का मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार है—
6 जनवरी: मत्स्य लीला एवं वेद चोरी लीला
7 जनवरी: चीर–हरण लीला
8 जनवरी: समुद्र मंथन लीला
9 जनवरी: नाग मर्दन (कालीनाग वध) लीला
10 जनवरी: गज–ग्राह लीला
इसके साथ ही प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक मंच पर श्रीकृष्ण लीला की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी, जो दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर करेगी।
मेला परिसर में श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के मनोरंजन हेतु टूरिंग टॉकीज, झूले, साथ ही होटल, मनिहारी एवं अन्य दुकानों की व्यवस्था की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजक मंडली के साथ समस्त ग्रामवासी एवं ग्राम पंचायत घिवरा सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
आयोजन संबंधी अधिक जानकारी के लिए हरनारायण, कृष्ण कुमार, संतोष कश्यप एवं शिवप्रसाद से संपर्क किया जा सकता है।
यह नागलीला मेला महोत्सव क्षेत्र की धार्मिक परंपरा, लोककला और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।










