"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

वाहन सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से कराया जाएगा पालन – केदार कश्यप

सभी राज्यों के परिवहन मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए मंत्री केदार कश्यप

KPN24:- छत्तीसगढ़ के परिवहन मंत्री केदार कश्यप आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित सभी राज्यों के परिवहन मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतें यातायात नियमों और सुरक्षा उपायों की अनदेखी के कारण होती हैं। उन्होंने सभी राज्यों को निर्देशित किया कि वाहन चालकों व सहयात्रियों द्वारा सीट बेल्ट तथा दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट के उपयोग को सख्ती से लागू किया जाए।
बैठक में परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित परिवहन विभाग की योजनाओं, परियोजनाओं और प्रमुख उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी को दी। इस अवसर पर परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश भी उपस्थित रहे। ओवरलोडिंग को सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताते हुए इस पर कठोर कार्रवाई, नियमित जांच, तकनीकी निगरानी और सख्त दंडात्मक प्रावधान लागू करने पर सहमति बनी।
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियानों, सड़क सुरक्षा मित्रों की सहभागिता तथा स्कूल व कॉलेज स्तर पर यातायात नियमों के प्रचार-प्रसार पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों के कैशलेस उपचार, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा व्यवस्था, वाहन सुरक्षा के नए प्रावधान और मोटर व्हीकल अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
आरडीटीसी और डीटीसी भवन समय पर पूर्ण करने का लक्ष्य
परिवहन मंत्री श्री कश्यप ने बताया कि केंद्र सरकार की मंशा के अनुरूप राज्य में स्वीकृत सभी क्षेत्रीय चालक प्रशिक्षण केंद्र (RDTC) एवं जिला परिवहन केंद्र (DTC) भवनों के निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाएगा।
ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटरों से तकनीकी जांच में सुधार
मंत्री श्री कश्यप ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, कोरबा, राजनांदगांव और रायगढ़ में कुल 8 ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर संचालित हैं। मशीनों के माध्यम से होने वाली फिटनेस जांच पूरी तरह पारदर्शी और तकनीकी रूप से सटीक है। इस क्षेत्र में छत्तीसगढ़, गुजरात के बाद देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने बताया कि जल्द ही जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, महासमुंद, कांकेर, दंतेवाड़ा, सारंगढ़ और सूरजपुर में भी नए फिटनेस सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों का कैशलेस उपचार
मंत्री कश्यप ने बताया कि केंद्र सरकार की पहल पर सड़क दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस उपचार योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। बैठक में ‘शून्य प्राणहानि जिला’ के लिए रायपुर के चयन, सड़क सुरक्षा अभियान और हिट एंड रन मामलों में मुआवजा व्यवस्था जैसे विषयों पर भी गहन चर्चा हुई।
वाहन सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों पर विशेष जोर
बैठक में मोटर व्हीकल अधिनियम के नए प्रस्तावित संशोधनों पर भी विचार किया गया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरलोडिंग रोकने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में प्रस्तुत योजनाओं से यह स्पष्ट है कि सरकार सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

 

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More