"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का सशक्त संगम है शिव पुराण : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

प्रधानमंत्री की माताश्री हीराबेन मोदी की पुण्य स्मृति में आयोजित शिव महापुराण कथा में शामिल हुए मुख्यमंत्री
रायपुर |

KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सनातन परंपरा और आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में नैतिकता, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूती मिलती है। शिव पुराण सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का सशक्त संगम है। मुख्यमंत्री आज रायगढ़ जिले के बरगढ़ खोला अंचल अंतर्गत ग्राम खम्हार में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि यह शिव महापुराण कथा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की माताश्री स्वर्गीय हीराबेन मोदी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित की जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल कथा व्यास कृष्णा दुबे महाराज से भेंट कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही पावन भूमि है, जहां प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकांश समय व्यतीत किया। माता शबरी के जूठे बेरों की महिमा आज भी जनमानस में जीवंत है। उन्होंने बताया कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल से निर्मित प्रसाद अर्पित किया गया, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित रामलला दर्शन योजना के अंतर्गत बीते दो वर्षों में 40 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या दर्शन कर चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से 19 चिन्हित तीर्थ स्थलों की यात्रा कराते हुए अब तक 5 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को लाभान्वित किया गया है।
कार्यक्रम को वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी संबोधित किया। उन्होंने ऐसे धार्मिक आयोजनों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने वाला बताया।
श्री शिव महापुराण कथा का संगीतमय वाचन अकोला (महाराष्ट्र) से पधारे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बाल कथा व्यास कृष्णा दुबे महाराज द्वारा किया जा रहा है, जिसमें भगवान शिव, माता पार्वती सहित संपूर्ण शिव चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े एवं देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा गबेल, रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More