"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

निरंतर मेहनत से मिलती है सफलता :- उमाशि अघावन के शिक्षक आकाश नेकिये का सहायक प्राध्यापक पद पर चयन, प्रदेश में हासिल की 31वीं रैंक

KPN24:- खरगोन जिले के कसरावद विकासखंड अंतर्गत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अघावन में पदस्थ उच्च माध्यमिक शिक्षक आकाश नेकिये के सहायक प्राध्यापक पद पर चयन होने पर शनिवार को शाला परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

संकुल प्राचार्य मुकेश खेडे ने जानकारी देते हुए बताया कि शाला के जीव विज्ञान विषय के शिक्षक आकाश नेकिये का अनारक्षित वर्ग में सहायक प्राध्यापक पद हेतु चयन हुआ है। उन्होंने प्रदेश स्तर पर 31वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय, संकुल एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर शाला परिवार द्वारा उनका सम्मान किया गया।
श्री नेकिये ने बताया कि वे छात्र जीवन से ही विज्ञान विषय में विशेष रुचि रखते रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में एमपी सेट (राज्य पात्रता परीक्षा) तथा वर्ष 2021 में सीएसआईआर नेट (राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा) उत्तीर्ण की। इसके पश्चात वर्ष 2022 में मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा आयोजित प्राणीशास्त्र विषय की सहायक प्राध्यापक परीक्षा में सफलता प्राप्त की, जिसका परिणाम हाल ही में घोषित हुआ।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, मार्गदर्शन देने वाले गुरुजनों, सहकर्मी शिक्षकों एवं परिजनों को देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही सफलता प्राप्त होती है।
सम्मान समारोह के दौरान प्रभारी प्राचार्य गोविंद पाटीदार, शंकरसिंह मोरी, राजेश शारदे, राधेश्याम तिरोले, लालसिंह डावर, प्रभु चौहान, राकेश पाटीदार, गजानंद गवाने, अक्षय सिंह मंडलोई, सुनील यादव, अतिथि शिक्षक विकाससिंह मंडलोई, सचिन यादव, अमजद खान, अमिला पंवार, आशुतोष पटेरिया, राजेश दामोदर सहित प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के प्रभारी शिक्षकों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके शिक्षकीय योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन उमाशि चंपालाल बर्डे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन आकाश नेकिये द्वारा किया गया।

2021 से शिक्षा विभाग में दे रहे सेवाएं

आकाश नेकिये ने बताया कि वर्ष 2021 में उनका चयन शिक्षा विभाग में उच्च माध्यमिक शिक्षक पद पर हुआ था। उनकी प्रथम नियुक्ति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अघावन में जीव विज्ञान शिक्षक के रूप में हुई। उनके मार्गदर्शन में अध्ययन करने वाले अनेक विद्यार्थी आज देश के प्रतिष्ठित महाविद्यालयों में अध्ययनरत हैं तथा कई विद्यार्थी शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More