"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नेशनल हाईवे पर ट्रक चालक से लूट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना अकलतरा क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे रोड पर ट्रक चालक से लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने रात्रि के सन्नाटे का फायदा उठाकर ट्रक चालक से मारपीट कर नगदी लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 जनवरी 2026 को रात्रि लगभग 10 बजे तरौद चौक से आगे नेशनल हाईवे रोड पर ट्रक क्रमांक CG10 BY-6839 के चालक प्रहलाद महंत के ट्रक के केबिन में आरोपी चढ़ गया। आरोपी ने हाथ-मुक्कों एवं बेल्ट से मारपीट कर चालक की जेब में रखे 3000 रुपये नगद लूट लिए और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 37/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
घटनास्थल पर मिले आधार कार्ड से आरोपी की हुई पहचान
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अकलतरा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान मौके से आरोपी का आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसमें उसका नाम गजेन्द्र केवट पिता गंगा प्रसाद केवट, निवासी हिर्री, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर अंकित था।
आधार कार्ड के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चमड़े का बेल्ट तथा लूट की रकम में से 1500 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए गए।
आदतन अपराधी, पूर्व में भी दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है तथा उसके विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इनका रहा सराहनीय योगदान
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा (थाना प्रभारी अकलतरा), एएसआई बरेठ, आरक्षक गौकरणराय, भूषण राठौर एवं रमेश भारद्वाज का सराहनीय योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More