"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

टंट्या मामा मूर्ति विवाद: कांग्रेस का सख्त रुख, नगर पालिका को 60 दिन की अंतिम चेतावनी

मनीष विद्यार्थी खरगोन।

KPN24:- खरगोन जिला मुख्यालय पर अमर शहीद टंट्या मामा की मूर्ति स्थापना को लेकर खरगोन नगर पालिका परिषद एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई है। कांग्रेस के लगातार हमलों और जनभावनाओं के उबाल के बाद नगर पालिका को आखिरकार बैकफुट पर आना पड़ा। पहले जहां नगर पालिका ने 45 दिन की मोहलत मांगी थी, वहीं अब कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि केवल समय देना समाधान नहीं, जवाबदेही तय होना जरूरी है।

मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब नगर पालिका के कुछ पार्षद खुद विरोध में सामने आए और गांधी प्रतिमा के समक्ष पहुंचकर नगर पालिका के जिम्मेदारों की “सद्बुद्धि” के लिए प्रार्थना करते नजर आए। बढ़ते दबाव के बीच नगर पालिका परिषद को नई विज्ञप्ति जारी कर 45 दिन में पुनः धातु की मूर्ति लगाने की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा करनी पड़ी।
45 नहीं, 60 दिन का अल्टीमेटम
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाईक ने शुक्रवार को जारी बयान में स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस नगर पालिका को 45 नहीं बल्कि पूरे 60 दिन का समय देती है। उन्होंने कहा कि टंट्या मामा जैसे महान शहीद के नाम पर हुए कथित भ्रष्टाचार पर किसी भी प्रकार की लीपापोती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रवि नाईक ने कहा कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस से 60 दिनों के भीतर नगर पालिका परिषद जनभावनाओं के अनुरूप उसी स्थान पर धातु या पत्थर की आदमकद प्रतिमा पुनर्स्थापित करे। यदि तय समय-सीमा में मूर्ति स्थापना नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी उसी स्थान पर चक्का जाम करने को मजबूर होगी।
सिर्फ ठेकेदार नहीं, जिम्मेदार अफसर भी कटघरे में
नगर पालिका के भाजपा पार्षदों और पार्षद प्रतिनिधियों द्वारा मूर्ति बदलने और ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए रवि नाईक ने कहा कि कार्रवाई केवल ठेकेदार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने दो टूक कहा कि इस पूरे मामले के लिए नगर पालिका परिषद के सभी जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए, तभी इसे न्याय कहा जा सकेगा।
कांग्रेस की पैनी नजर, फिर उग्र आंदोलन के संकेत
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी पूरे प्रकरण पर बारीकी से नजर बनाए हुए है और नगर पालिका के हर कदम की समीक्षा कर रही है।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि इस मामले में किसी भी स्तर पर कोई चूक या नई गड़बड़ी सामने आई, तो टंट्या मामा के सम्मान में कांग्रेस एक बार फिर सड़कों पर उतरेगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More