
मनीष विद्यार्थी खरगोन |
KPN24:- जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण को लेकर पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा (क्राइम मीटिंग) का आयोजन किया गया। बैठक में लंबित अपराध, लंबित शिकायतें, लंबित मर्ग प्रकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, जमानत निरस्तीकरण तथा लघु अधिनियमों के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
क्राइम मीटिंग में विशेष रूप से अवैध गौवंश परिवहन, अवैध फायर आर्म्स तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब एवं अन्य संगठित अपराधों पर चर्चा करते हुए इनके विरुद्ध सख्त एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा ने प्रत्येक लंबित अपराध एवं ऐसे मामलों, जिनमें आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है, की एक-एक कर समीक्षा की। उन्होंने संबंधित एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों से सीधे चर्चा कर मामलों के शीघ्र निराकरण, फरार आरोपियों की धरपकड़ तथा कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
बैठक के प्रमुख बिंदु इस प्रकार रहे—
लंबित संपत्ति संबंधी अपराधों में जांच एवं बरामदगी तेज करने तथा शरीर व महिला संबंधी अपराधों का प्राथमिकता से निराकरण।
लंबित मामलों में वांछित एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश।
जिले में नाबालिग बालिकाओं की बरामदगी की स्थिति की समीक्षा।
सीएम हेल्पलाइन, आयोग, पीएचक्यू एवं आईजी कार्यालय से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण।
थाना क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, जुआ-सट्टा, अवैध गौवंश परिवहन, अवैध हथियार एवं शराब तस्करी पर सख्त कार्रवाई।
आदतन अपराधियों की जमानत निरस्तीकरण हेतु आवेदन पत्रों की समीक्षा एवं प्रभावी कार्रवाई।
मर्ग, गुम इंसान एवं जन शिकायतों का त्वरित निराकरण।
प्रभावी कॉम्बिंग गश्त चलाने के निर्देश।
स्थायी वारंट एवं फरारी वारंटों की तामीली में तेजी लाने के निर्देश।
क्राइम मीटिंग में एएसपी (शहर) बिट्टू सहगल, एसपी (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रुहल, जिले के समस्त एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी, शासकीय अस्पताल से डॉक्टर, न्याय विभाग से जिला अभियोजन अधिकारी, एसपी कार्यालय का स्टाफ, पुलिस लाइन सूबेदार एवं पुलिस लाइन कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।










