"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

रैंप योजना के तहत कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर में फूड प्रोसेसिंग व माइनर फॉरेस्ट प्रोड्यूस पर सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न

बिलासपुर | KPN24.com

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र, बिलासपुर में फूड प्रोसेसिंग एवं माइनर फॉरेस्ट प्रोड्यूस (लघु वनोपज आधारित फूड प्रोसेसिंग) विषय पर सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

यह प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (CSIDC), रायपुर के बैनर तले निम्समे (NIMSME), हैदराबाद द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें कुल 37 उद्यमियों एवं महिला उद्यमियों ने सक्रिय और उत्साहपूर्ण सहभागिता दर्ज की।
स्थानीय संसाधनों से स्वरोजगार को मिला बढ़ावा
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करना, स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना तथा प्रतिभागियों को व्यावहारिक, तकनीकी और व्यवसायिक ज्ञान से सशक्त बनाना रहा।
प्रथम दिवस में विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस कृषि विज्ञान केंद्र बिलासपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गीत शर्मा तथा उद्योग विभाग से कचिता दर्रो, महाप्रबंधक (जीएम), जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) बिलासपुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि फूड प्रोसेसिंग और माइनर फॉरेस्ट प्रोड्यूस सेक्टर में असीम संभावनाएं हैं और इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होते हैं।
तकनीकी से लेकर मार्केटिंग तक मिला संपूर्ण प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. अमित शुक्ला, डॉ. शिल्पा कौशिक, डॉ. निवेदिता पाठक, डॉ. एकता ताम्रकार, पंकज मिंज एवं जयंत साहू सहित विभिन्न सेक्टर स्पेशलिस्ट्स ने प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
विशेषज्ञों ने वन उत्पादों की प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, बाजार संभावनाएं एवं व्यवसायिक रणनीतियों पर विस्तृत जानकारी दी।
साथ ही एफएसएसएआई पंजीयन, आवश्यक लाइसेंस, शासकीय योजनाएं एवं उद्यम पंजीयन (उद्यम रजिस्ट्रेशन) की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
उद्यम पंजीयन कराकर भविष्य की राह हुई आसान
प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित उद्यमियों का उद्यम पंजीयन भी कराया गया, जिससे वे भविष्य में शासकीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं एवं अन्य प्रोत्साहनों का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
समापन अवसर पर वितरित हुए प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के समापन दिवस प्रतिभागी उद्यमियों को रैंप योजना अंतर्गत प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने व्यवसाय को वैज्ञानिक सोच और व्यवसायिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाने की नई दिशा मिली है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय संसाधनों के संरक्षण, महिला उद्यमिता को सशक्त करने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रभावी पहल सिद्ध हुआ।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More