
नारायणपुर-कोंडागांव निर्माणाधीन एनएच-130डी का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
रायपुर | 31 जनवरी 2026 | KPN24.com
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दो दिवसीय नारायणपुर प्रवास के दौरान कोंडागांव-नारायणपुर के बीच निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-130डी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता और तय समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार में बस्तर के विकास को नई गति मिली है। एनएच-130डी बस्तर को महाराष्ट्र से सीधे जोड़ेगा, जिससे क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन, सुरक्षा और आवागमन को मजबूती मिलेगी। लगभग 195 किमी लंबे इस राष्ट्रीय राजमार्ग का 122 किमी हिस्सा छत्तीसगढ़ में है, जो कोंडागांव से नारायणपुर, कुतुल होते हुए महाराष्ट्र सीमा तक जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग से अबूझमाड़ क्षेत्र में फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिलने के बाद यह परियोजना तेजी से आगे बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि एनएच-130डी केवल सड़क नहीं, बल्कि बस्तर की प्रगति का मार्ग है, जो नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास, विश्वास और निवेश को नई दिशा देगा।
निरीक्षण के दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद महेश कश्यप सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।










