
अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ
रायपुर, 03 फरवरी 2026/KPN24.Com
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर के राखी में अंतरिक्ष संगवारी कार्यक्रम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र केवल भवन नहीं, बल्कि प्रदेश के वैज्ञानिक भविष्य और युवा सपनों की प्रयोगशाला बनेगा।
मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अंतरिक्ष संगवारी पहल को विस्तार दिया जाएगा और प्रदेश के सभी जिलों में अंतरिक्ष केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि हर बच्चा स्पेस साइंस से सीधे जुड़ सके।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अंतरिक्ष यात्री एवं ग्रुप कैप्टन डॉ. शुभांशु शुक्ला का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि उनकी अंतरिक्ष यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान आज रोजगार, तकनीक और राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण क्षेत्र बन चुका है। इस केंद्र के माध्यम से बच्चों को सैटेलाइट, मौसम पूर्वानुमान और आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे किसानों और युवाओं दोनों को लाभ होगा।
ग्रुप कैप्टन डॉ. शुभांशु शुक्ला ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे भारत की थी। उन्होंने बच्चों को बड़े सपने देखने, निरंतर परिश्रम करने और अपने लक्ष्य पर विश्वास बनाए रखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।










