
फर्जी एंबुलेंस बनाकर करते थे चोरी का माल परिवहन, 6 आरोपी गिरफ्तार, ₹17.30 लाख की संपत्ति जब्त
जांजगीर-चांपा :- 07 फरवरी 2026 KPN24.com
जांजगीर-चांपा पुलिस ने सक्रियता और सटीक रणनीति के तहत संगठित रूप से ट्रांसफार्मर, कॉपर व एल्युमिनियम केबल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 06 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पुलिस और आम जनता को भ्रमित करने के लिए बोलेरो वाहन को एंबुलेंस का रूप देकर चोरी का माल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कॉपर व एल्युमिनियम वायर, ट्रांसफार्मर, लोहे का एंगल, 04 मोबाइल फोन, चोरी में प्रयुक्त औजार और दो वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹17,30,000 (सत्रह लाख तीस हजार रुपये) आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी (मुख्य आरोपी), पिता सूरज वानी, उम्र 26 वर्ष, निवासी रिस्दा परसाडीह, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर
संतोष भास्कर, पिता कमल प्रसाद भास्कर, उम्र 38 वर्ष, निवासी वार्ड 06 कोहरौदा, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर
वीरेंद्र सुमन, पिता बुधराम सुमन, उम्र 39 वर्ष, निवासी वार्ड 12 खोरसी, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर
राज आर्यन वानी उर्फ छोटू वानी, पिता बबन वानी, उम्र 20 वर्ष, निवासी रिस्दा, थाना मस्तुरी
अमन रात्रे, पिता राकेश रोशन रात्रे, उम्र 20 वर्ष, निवासी रिस्दा, थाना मस्तुरी
राज आर्यन उर्फ रोहित वानी, पिता रणवीर वानी, उम्र 21 वर्ष, निवासी रिस्दा, थाना मस्तुरी
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से खुला गिरोह का राज
थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफार्मरों से कॉपर वायर चोरी की लगातार घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
दिनांक 13–14 जनवरी 2026 की रात रोड दुरपा के पास पुराने ट्रांसफार्मर से करीब 230 किलोग्राम कॉपर चोरी की रिपोर्ट कनिष्ठ यंत्री मनोज कुमार सोनी द्वारा दर्ज कराई गई थी। इसके बाद 22 जनवरी 2026 को लोहर्सी के पास ट्रांसफार्मर से लगभग 200 किलोग्राम कॉपर वायर चोरी की दूसरी रिपोर्ट दर्ज हुई।
मामले में थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 21/2026 एवं 48/2026, धारा 303(2), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
फर्जी एंबुलेंस, रेकी और रात में वारदात
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं SDOP चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी अमर बाबू उर्फ कुंदन वानी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ संगठित रूप से चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों द्वारा पहले ट्रांसफार्मर व केबल की रेकी की जाती थी, मोबाइल से फोटो लेकर योजना बनाई जाती थी और संदेह से बचने के लिए पिकअप वाहन व फर्जी एंबुलेंस बनी बोलेरो का उपयोग किया जाता था। चोरी के बाद कॉपर वायर को कबाड़ी के माध्यम से खपाया जाता था।
10 से अधिक वारदातों में संलिप्तता, संगठित अपराध की धारा जोड़ी
आरोपियों ने थाना मुलमुला, अकलतरा सहित कई अन्य गांवों में भी चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। प्रारंभिक जांच में 10 से अधिक वारदातों में संलिप्तता सामने आई है। आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड बलौदा बाजार–भाटापारा और बिलासपुर जिले में भी दर्ज है।
लगातार संगठित अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 111 BNS (संगठित अपराध) जोड़ी गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जब्त सामग्री
ट्रांसफार्मर कॉपर / एल्युमिनियम वायर, 04 मोबाइल फोन
वाहन: छोटा हाथी (CG-10 AS-5452), बोलेरो एंबुलेंस (CG-10 AT-5255), कटर मशीन ब्लेड, पाना-पेचिस
कुल कीमत: ₹17,30,000/-
यह पूरी कार्रवाई थाना शिवरीनारायण पुलिस टीम की मजबूत सूचना व्यवस्था, तकनीकी विवेचना और सतत प्रयासों का परिणाम है।
उपरोक्त कार्रवाई में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव सहित थाना शिवरीनारायण के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










