"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

होली से पहले किसानों को बड़ा तोहफा: ₹3100 प्रति क्विंटल के मान से अंतर राशि एकमुश्त जारी, 25 लाख किसानों के खातों में जाएंगे ₹10,000 करोड़

KPN24 :- छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के अन्नदाताओं के लिए बड़ा और राहतभरा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रिपरिषद की बैठक में किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए घोषणा की है कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल के मान से अंतर की राशि होली से पहले एकमुश्त उनके खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

सरकार के इस फैसले से प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। लगभग ₹10,000 करोड़ की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाएगी, जिससे होली का त्योहार इस बार किसानों के घरों में नई खुशियां लेकर आएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मेरे अन्नदाता भाइयों-बहनों की मुस्कान ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार केवल धान की खरीदी तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को उनके परिश्रम का उचित मूल्य दिलाना और उनके सम्मान की रक्षा करना अपना दायित्व मानती है।
रिकॉर्ड धान खरीदी, मजबूत किसान नीति
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है, जो राज्य की कृषि क्षमता और किसानों के विश्वास को दर्शाता है।
बीते दो वर्षों में ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत किसानों के खातों में ₹25,000 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। होली से पहले जारी होने वाली राशि के साथ यह आंकड़ा बढ़कर ₹35,000 करोड़ से अधिक हो जाएगा।
किसान ही प्रदेश की असली ताकत
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसान प्रदेश की आत्मा और अर्थव्यवस्था की नींव हैं। खेतों में दिन-रात मेहनत करने वाले किसानों के पसीने से ही समृद्धि की हरियाली आती है। सरकार का संकल्प है कि अन्नदाता की खुशहाली और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
प्रदेश सरकार के इस निर्णय को किसान वर्ग के लिए बड़ी राहत और मजबूत आर्थिक संबल के रूप में देखा जा रहा है। होली से पहले खातों में राशि पहुंचने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More