
विकास कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के सख्त निर्देश
जांजगीर-चांपा, 16 फरवरी 2026 KPN24.com
जिले के समग्र विकास को रफ्तार देने और केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की अहम बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा की सांसद कमलेश जांगड़े ने की।
बैठक में जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर जन्मेजय महोबे, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे और वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
विकास में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सांसद जांगड़े ने दो टूक कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर गुणवत्ता से समझौता किए बिना कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सड़क, बिजली, पानी पर विशेष फोकस
जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत के निर्देश दिए गए। सांसद ने स्पष्ट किया कि आम जनता को आवागमन में असुविधा नहीं होनी चाहिए और कार्य पूर्ण होने के बाद स्थल को पूर्व स्थिति में लाना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित एवं प्रगतिरत सड़कों की समीक्षा की गई। गड्ढायुक्त और क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
बिजली व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कृषि आरडीएसएस अंतर्गत लाइन विस्तार एवं ट्रांसफार्मर उन्नयन कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। जांजगीर क्षेत्र में 132 केव्ही विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता
सांसद ने बालिका विद्यालयों में शौचालय निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर छात्राओं के उपयोग हेतु उपलब्ध कराने कहा। जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता सुधारने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण रोजगार और कृषि पर जोर
मनरेगा के तहत अधिक से अधिक मजदूरी मूलक कार्य स्वीकृत कर ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण आवासों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार से अधिकाधिक किसानों को जोड़ने पर जोर दिया गया। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज-खाद उपलब्ध कराने और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नहरों से समय पर पानी छोड़ने, निस्तारी हेतु पर्याप्त जल उपलब्ध कराने और क्षतिग्रस्त नहरों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याण योजनाएं
राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर समय पर राशि वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राशन दुकानों की संख्या बढ़ाने के लिए दूरस्थ एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों से प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने कहा गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा में किराए या अनुपयुक्त भवनों में संचालित केंद्रों के लिए नए भवन स्वीकृत कर शीघ्र निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। पशुपालन एवं डेयरी योजनाओं के तहत टीकाकरण और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में सांसद ने दोहराया कि “विकास की असली कसौटी अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाना है। प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ काम करें।”










