
KPN24 अब रेलवे डिब्बों, ट्रेन के टॉयलेट और स्टेशनों की दीवारों पर “मनचाहा प्यार”, “लव मैरिज गारंटी” और “सेक्सुअल प्रॉब्लम का समाधान” जैसे दावे चिपकाने वाले तथाकथित ‘बंगाली बाबा’ का खेल खत्म हो गया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मध्य रेल और Western Railway के संयुक्त अभियान में आरोपी को दबोच लिया है।
कार्रवाई में करीब 15,000 भड़काऊ और भ्रामक पोस्टर जब्त किए गए हैं, जिनके जरिए यात्रियों को झूठे दावों से फंसाने की तैयारी थी।
मुखबिर की सूचना पर रे रोड में छापा
विश्वसनीय सूचना के आधार पर RPF ने रे रोड क्षेत्र के दारुखाना इलाके में स्थित मीरा अली दरगाह में संयुक्त छापेमारी की। मौके से मोहम्मद नज़ीर अंदाड़ी नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो खुद को ‘बंगाली बाबा’ बताकर रेलवे संपत्ति का अवैध उपयोग कर रहा था।
तलाशी के दौरान उसके पास से हजारों की संख्या में छपे पोस्टर मिले, जिन्हें ट्रेन के डिब्बों और स्टेशन परिसरों में चिपकाया जाना था।
17 फरवरी को चला विशेष अभियान
यह पूरी कार्रवाई 17 फरवरी 2026 को वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, मुंबई मंडल के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई।
मामले में वडाला में मध्य रेल संख्या 104/2026 के तहत धारा 144, 145(बी), 147 और 166 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। आगे की जांच में यह भी सामने आया है कि पोस्टर छापने और उन्हें चिपकाने में कुछ अन्य लोगों का भी हाथ है। इन सहयोगियों की तलाश जारी है।
वित्तीय लेन-देन की भी जांच
RPF अब प्रिंटिंग एजेंसी और पोस्टर चिपकाने वालों से जुड़े वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है। रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि बिना अनुमति विज्ञापन करना, रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाना या उसका दुरुपयोग करना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बिना अनुमति चला रहा था कारोबार
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने रेलवे से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली थी और वह रेलवे परिसर को अपने “धंधे” का जरिया बना रहा था। ट्रेन के डिब्बों और स्टेशन परिसरों में प्रचार सामग्री चिपकाकर यात्रियों को भ्रमित किया जा रहा था।










