
Kpn24.com जांजगीर-चांपा, 23 फरवरी 2026।
शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब डीजे बंद कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते प्राणघातक हमले में तब्दील हो गया। ग्राम बनाहिल में हुए इस सनसनीखेज मामले में थाना मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की नीयत से हमला करने वाले तीन आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 फरवरी 2026 को प्रार्थी राकेश केवट (निवासी बनाहिल, थाना मुलमुला) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके मित्र विकास केवट की बहन के विवाह कार्यक्रम में ‘चुलमाटी’ रस्म के दौरान डीजे बज रहा था। इसी बीच दिलीप केवट रांपा लेकर मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए डीजे बंद करने की बात कहने लगा।
जब प्रार्थी राकेश केवट ने गाली देने का विरोध किया, तो आरोपी दिलीप केवट ने हत्या की नीयत से उसके सिर पर रांपा से वार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि राकेश जमीन पर गिर पड़ा। इसी दौरान दुर्गेश केवट और साहिल केवट भी डंडा लेकर पहुंचे और घायल राकेश पर हमला कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
पुलिस की फुर्ती से बड़ी सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक पारस पटेल ने टीम के साथ त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपियों—
दिलीप केवट (27 वर्ष),दुर्गेश केवट (26 वर्ष), साहिल केवट (19 वर्ष)
सभी निवासी ग्राम बनाहिल, थाना मुलमुला — को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 109, 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए 23 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, सउनि प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, राजमणी द्विवेदी, आरक्षक सनोहर जगत एवं अनिल तिवारी का विशेष योगदान रहा।










