
KPN24.com रायपुर, 27 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ के ऊर्जा क्षेत्र में स्थिर नेतृत्व और निरंतर प्रगति की मिसाल कायम करते हुए छत्तीसगढ़ शासन, ऊर्जा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। आदेशानुसार राजेश कुमार शुक्ला को पुनः सेवा वृद्धि प्रदान करते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पद की जिम्मेदारी तीसरी बार सौंपी गई है।
यह नियुक्ति न केवल उनके प्रशासनिक कौशल पर विश्वास की मुहर है, बल्कि राज्य के विद्युत पारेषण तंत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता का भी संकेत है।
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप विकास का संकल्प
श्री शुक्ला ने राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विष्णु देव साय की मंशानुसार छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में और अधिक सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य शासन की नीति-रीति के अनुरूप विद्युत विकास को गति देते हुए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एवं पॉवर कंपनी के अध्यक्ष (ट्रांसमिशन) सुबोध कुमार सिंह तथा ऊर्जा सचिव एवं पॉवर कंपनी के अध्यक्ष (डिस्ट्रीब्यूशन-जनरेशन) रोहित यादव के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
चार दशक का अनुभव, मजबूत नेतृत्व
8 जुलाई 1963 को जबलपुर (मध्यप्रदेश) में जन्मे श्री शुक्ला ने वर्ष 1983 में शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय, जबलपुर से बी.ई. (इलेक्ट्रिकल) की उपाधि प्राप्त की।
वर्ष 1984 में मध्यप्रदेश विद्युत मण्डल, जबलपुर में सहायक अभियंता (प्रशिक्षु) के रूप में अपनी सेवायात्रा प्रारंभ करने वाले श्री शुक्ला ने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए वर्ष 2024 में ट्रांसमिशन कंपनी के शीर्ष पद तक का सफर तय किया।
दो वर्षों में दिखा परिवर्तन का असर
बीते दो वर्षों में उनके नेतृत्व में ट्रांसमिशन कंपनी ने तकनीकी सुदृढ़ीकरण, परिचालन दक्षता और पारदर्शिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की हैं। विद्युत पारेषण तंत्र के विस्तार, आधुनिकीकरण और संस्थागत सुधारों की दिशा में तेजी से कार्य हुआ है, जिससे राज्य की ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था और अधिक विश्वसनीय एवं सक्षम बनी है।
ऊर्जा विशेषज्ञों का मानना है कि तीसरी बार उनकी नियुक्ति से राज्य के पावर सेक्टर में स्थिरता, रणनीतिक निरंतरता और विकास की रफ्तार और तेज होगी।










