
मनीष विद्यार्थी खरगोन।
KPN24:- खरगोन जिले के पुलिस विभाग में पदस्थ एएसआई रमेश चंद्र पंवार के परिवार में खुशियों की ऐतिहासिक दस्तक हुई है। उनकी द्वितीय सुपुत्री निधि पंवार का चयन मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक (MPGB) में प्रोबेशनरी ऑफिसर (असिस्टेंट मैनेजर) के पद पर हुआ है। इस उपलब्धि ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है।
निधि की प्रारंभिक शिक्षा सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल खंडवा से हुई। इसके बाद उन्होंने एस.एन. पीजी कॉलेज से बीकॉम की पढ़ाई पूरी की और इंदौर स्थित प्रतिष्ठित स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (DAVV) से एमबीए की डिग्री हासिल की। इंदौर में कोचिंग के साथ-साथ कड़ी मेहनत और सेल्फ स्टडी के दम पर निधि ने यह मुकाम हासिल किया।
अब ‘बैंकर्स फैमिली’ के नाम से पहचाना जाएगा पंवार परिवार
पंवार परिवार अब जिले में ‘बैंकर्स फैमिली’ के रूप में पहचान बना रहा है। निधि की बड़ी बहन नेहा पंवार और उनके पति परिचित टौंक पहले से ही मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक, खंडवा में ऑफिस असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं। अब निधि भी इसी बैंक में ऑफिसर के रूप में अपनी सेवाएं देंगी।
एक ही घर से तीन सदस्य एक ही बैंकिंग संस्था में सेवाएं देंगे।
तीसरी बेटी के रिजल्ट का इंतजार
सफलता की यह कहानी यहीं थमने वाली नहीं है। एएसआई रमेश चंद्र पंवार की तीसरी बेटी खुशी पंवार ने भी बैंक क्लर्क की मुख्य परीक्षा दी है, जिसका परिणाम मार्च-अप्रैल में आने की उम्मीद है। यदि खुशी भी चयनित होती हैं, तो यह परिवार जिले के लिए एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा।
एएसआई रमेश चंद्र पंवार और माता अनुसिया पंवार ने बेटियों की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने पूरे समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत किया है।










