
KPN24.com जांजगीर-चांपा, 1 मार्च 2026
आगामी 4 मार्च को मनाए जाने वाले होली पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जन्मेजय महोबे (कलेक्टर) एवं विजय कुमार पांडेय (पुलिस अधीक्षक) ने जिलेवासियों से अपील की है कि होली का पर्व शांति, सौहार्द्र और भाईचारे के साथ मनाएं तथा आदर्श वातावरण बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
सुरक्षा और सतर्कता पर विशेष जोर
कलेक्टर श्री महोबे ने स्पष्ट किया है कि विद्युत तारों के नीचे, ट्रांसफार्मर के पास तथा डामर सड़कों पर होलिका दहन बिल्कुल न करें। इससे न केवल दुर्घटना की आशंका रहती है, बल्कि सड़कों को भी नुकसान पहुंचता है।
यदि किसी कारणवश सड़क पर होलिका दहन अपरिहार्य हो, तो पहले मुरूम की परत बिछाकर ही होलिका सजाने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि रंग-गुलाल एवं पिचकारी की दुकानों से यातायात बाधित न हो। पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए हरे-भरे पेड़ों की कटाई पर कड़ी निगरानी रखने और केवल सूखी लकड़ियों के उपयोग की अपील की गई है।
पुलिस की विशेष तैयारियां
एसपी श्री पांडेय ने साफ कहा है कि होली का त्योहार प्रेम और सौहार्द्र का प्रतीक है, इसे जबरन रंग लगाकर या असामाजिक गतिविधियों से खराब न करें।
शराब सेवन कर वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
तेज गति से वाहन चलाने वालों पर नजर रखी जाएगी।
दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, प्रेशर हॉर्न और मुखौटा लगाकर वाहन चलाने पर रोक रहेगी।
होली और होलिका दहन के दिन जिले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। बाइक पेट्रोलिंग, मोबाइल पार्टी, डायल-112 सेवा और सादी वर्दी में पुलिस की विशेष टीम चौक-चौराहों पर नजर रखेगी।
कानून तोड़ने वालों पर सख्ती तय
सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।










