"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

चांपा में बुजुर्ग महिला से 3 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

KPN24.com जांजगीर-चांपा  02 मार्च 2026

चांपा में एक बुजुर्ग महिला को सरकारी सहायता का लालच देकर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत की सोने की 13 फर वाली माला बरामद की गई है। आरोपी के विरुद्ध धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

ऐसे रची गई ठगी की साजिश
थाना चांपा में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, प्रार्थिया श्रीमती लक्ष्मीन बाई चंद्रा, निवासी अरसिया थाना जैजैपुर, अपने पति का इलाज कराने चांपा अस्पताल में थीं। 9 फरवरी 2026 की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति वार्ड में पहुंचा, खुद को रिश्तेदार बताकर विश्वास में लिया और पति के जहर सेवन की जानकारी मिलने पर महिला को बहकाया कि शासन की ओर से 6 लाख रुपये की सहायता राशि मिलेगी।
आरोपी महिला को अस्पताल से बाहर ले गया और ऑटो में बैठाकर भारतीय स्टेट बैंक, चांपा ले गया। फार्म भरने के नाम पर पहले 6500 रुपये लिए। फिर वजन और फोटो खिंचवाने का बहाना बनाकर महिला से उसकी पहनी हुई सोने की माला, पर्स में रखे 13,500 रुपये और मोबाइल ले लिया। थोड़ी देर में लौटने का झांसा देकर फरार हो गया।
सीसीटीवी से मिला सुराग, आरोपी कबूलनामे में टूटा
पीड़िता की शिकायत पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 55/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने अस्पताल और बैंक क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदेह के आधार पर राहुल डेन्सिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने पूरा अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने मोबाइल फेंक दिया और नगदी खर्च कर दी, जबकि सोने की माला अपने घर में छिपाकर रखी थी। पुलिस ने माला बरामद कर आरोपी हरिशंकर उर्फ राहुल डेन्सिल को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक बलवंत धृतलहरे, आरक्षक गौरीशंकर राय, मुद्रिका दुबे, प्रकाश द्विवेदी एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More