"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

अवैध रेत माफियाओं पर कड़ा प्रहार: 3 हाइवा जब्त, 591 प्रकरण दर्ज

KPN24.com जांजगीर-चांपा 13 मार्च 2026

जिले में अवैध खनिज उत्खनन और रेत के अवैध परिवहन पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में बम्हनीडीह क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करते पाए जाने पर 3 हाइवा वाहनों को जब्त कर थाना बम्हनीडीह के सुपुर्द किया गया है।

प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। कलेक्टर श्री महोबे ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि खनिज संपदा की अवैध लूट पर रोक लगाई जा सके।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के कुल 591 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में कार्रवाई करते हुए अब तक 1 करोड़ 67 लाख 32 हजार 540 रुपये की वसूली कर खनिज मद में जमा कराई गई है।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध उत्खननकर्ताओं, परिवहनकर्ताओं और भंडारणकर्ताओं के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
इधर कलेक्टर ने राज्य शासन के निर्देशों के तहत अवैध अफीम की खेती की संभावनाओं को देखते हुए ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में संयुक्त सर्वे अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारी, सचिव और कोटवार तथा शहरी क्षेत्रों में पटवारी और नगरीय निकायों की टीम द्वारा संयुक्त रूप से निगरानी की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More