
KPN24.com रायपुर 17 मार्च 2026
वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन से पहले आम नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने अहम फैसला लिया है। अब पंजीयन से जुड़े जरूरी कार्यों के लिए लोगों को छुट्टियों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी, क्योंकि राज्य के सभी पंजीयन (स्टाम्प दस्तावेज) कार्यालय चयनित अवकाश दिनों में भी खुले रहेंगे।
जारी आदेश के मुताबिक प्रदेश के सभी पंजीयन कार्यालय 22 मार्च, 28 मार्च, 29 मार्च और 31 मार्च 2026 को भी सामान्य कार्यदिवसों की तरह संचालित होंगे। इन दिनों में दस्तावेज पंजीयन सहित सभी सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध रहेंगी।
सरकार का यह निर्णय खास तौर पर उन नागरिकों के लिए राहत भरा है, जिनके पंजीयन कार्य वित्तीय वर्ष के अंतिम समय में लंबित हैं। हर साल इस अवधि में बढ़ती भीड़ और समय की कमी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि काम समय पर और सुचारू रूप से निपटाए जा सकें।
शासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस विशेष सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं और निर्धारित तिथियों पर अपने पंजीयन कार्य पूरे कर लें। इससे अंतिम समय की भागदौड़ और अनावश्यक भीड़भाड़ से बचा जा सकेगा।










