"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बड़वानी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, तमिल में आया ईमेल—जांच में निकली फर्जी साजिश

मनीष विद्यार्थी बड़वानी मध्यप्रदेश 

KPN24.com बड़वानी 20 मार्च 2026

बड़वानी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शुक्रवार दोपहर अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक संदिग्ध ईमेल ने पूरे प्रशासनिक अमले को अलर्ट मोड पर ला दिया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेन्द्र कुमार जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि न्यायालय को तमिल भाषा में एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया था कि कोर्ट परिसर में 15 जहरीले गैस बम रखे गए हैं और दोपहर 1 बजे विस्फोट किया जाएगा।
सूचना मिलते ही मचा हड़कंप, तुरंत खाली कराया गया परिसर
ईमेल दोपहर करीब 12 बजे मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। एसपी को तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने बिना देर किए न्यायालय परिसर को पूरी तरह खाली कराया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
बम स्क्वॉड की सघन तलाशी, नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
मौके पर पहुंचे बम स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर की बारीकी से जांच की, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक या जहरीली सामग्री नहीं मिली। प्रारंभिक जांच में मामला फर्जी धमकी का प्रतीत हो रहा है।
त्योहारों के बीच माहौल बिगाड़ने की साजिश!
एसपी पद्म विलोचन शुक्ल ने बताया कि इस तरह के ईमेल अक्सर भय और आतंक फैलाने की नीयत से भेजे जाते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि नवरात्रि और ईद जैसे संवेदनशील त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने और प्रशासन का ध्यान भटकाने के लिए यह साजिश रची गई हो सकती है।
साइबर टीम एक्टिव, आरोपियों की तलाश तेज
फिलहाल साइबर टीम ईमेल के तकनीकी पहलुओं की जांच में जुटी है। जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More