
KPN24.com रायपुर 29 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ अब डिजिटल बदलाव की तेज रफ्तार पर है। जशपुर नगर पालिका क्षेत्र में टैक्स भुगतान की पुरानी झंझट खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘डिजिटल डोर सुविधा’ की शुरुआत कर आम नागरिकों को बड़ी राहत दी है—अब लोग घर बैठे ही क्यूआर कोड स्कैन कर टैक्स जमा कर सकेंगे।
अब न लाइन, न दफ्तर—बस मोबाइल से टैक्स भुगतान
HDFC Bank के सहयोग से शुरू हुई इस सुविधा के तहत हर घर के लिए अलग क्यूआर कोड तैयार किया गया है। यह क्यूआर कोड सीधे आपके घर पर चस्पा होगा और इसमें मकान मालिक की पूरी जानकारी, बकाया टैक्स और प्रॉपर्टी डिटेल्स पहले से मौजूद रहेंगी।
अब नागरिक सिर्फ मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर:
जल कर
संपत्ति कर
दुकान कर
का भुगतान आसानी से कर सकेंगे। भुगतान के लिए डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग और अन्य डिजिटल माध्यम उपलब्ध रहेंगे, और ट्रांजैक्शन के तुरंत बाद डिजिटल रसीद भी मिल जाएगी।
जशपुर बना डिजिटल नगर—4600 से अधिक घर जुड़े
नगर पालिका जशपुर में लागू यह आधुनिक प्रॉपर्टी टैक्स इंफॉर्मेशन सिस्टम आईसीटी आधारित है, जो पारदर्शिता और दक्षता का नया मॉडल पेश कर रहा है। इस सिस्टम से फिलहाल करीब 4600 आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक संपत्तियां जुड़ चुकी हैं।
राजस्व बढ़ेगा, भ्रष्टाचार घटेगा
इस पहल से जहां आम जनता को समय और श्रम की बचत होगी, वहीं नगर पालिका के राजस्व संग्रहण में भी तेजी आएगी। डिजिटल ट्रैकिंग से पारदर्शिता बढ़ेगी और नगरीय प्रशासन और अधिक मजबूत होगा।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, कलेक्टर रोहित व्यास, नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय सहित HDFC Bank के अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।










