
कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के तहत बैंकिंग, इंश्योरेंस और लाइफस्टाइल बेनिफिट्स का मिलेगा लाभ
KPN24.com रायपुर 01 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी (CSPTCL) ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए State Bank of India (SBI) के साथ कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज (CSP) के तहत अहम समझौता किया है।
इस समझौते के बाद कंपनी के कर्मचारियों को अत्याधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के साथ 1.60 करोड़ रुपये तक की बीमा सुरक्षा और कई आकर्षक लाइफस्टाइल लाभ मिलेंगे।
यह अनुबंध ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक (वित्त) M. S. चौहान ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत कर्मचारियों को 1 करोड़ रुपये तक का पर्सनल एक्सीडेंट बीमा, 1 करोड़ 60 लाख रुपये तक का एयर एक्सीडेंट बीमा, 1 करोड़ रुपये तक का स्थायी पूर्ण विकलांगता कवर तथा 80 लाख रुपये तक का आंशिक विकलांगता कवर प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा SBI रूपे डेबिट कार्ड के माध्यम से कर्मचारियों को 10 लाख रुपये तक का पर्सनल एक्सीडेंट कवर और श्रेणी के अनुसार 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक का एयर एक्सीडेंट बीमा भी मिलेगा।
बैंकिंग सुविधाओं में भी मिलेगा विशेष लाभ
इस कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के तहत कर्मचारियों को कई प्रीमियम बैंकिंग सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी, जिनमें—
न्यूनतम बैलेंस रखने की अनिवार्यता से छूट
निःशुल्क इंटरनेट बैंकिंग सुविधा
एसबीआई एटीएम पर अनलिमिटेड ट्रांजैक्शन
आरटीजीएस एवं एनईएफटी शुल्क में रियायत
लॉकर किराए में विशेष छूट
लाइफस्टाइल और प्रीमियम सुविधाओं का भी लाभ
समझौते के तहत विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों को Amazon Prime सदस्यता, यात्रा और मनोरंजन से जुड़े विशेष ऑफर, एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, तथा चयनित श्रेणियों में जिम, स्पा और अन्य लाइफस्टाइल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
कंपनी प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिकतम लाभ उठाने के लिए संबंधित SBI शाखा से संपर्क करें और अपने खातों को इस योजना में परिवर्तित कराने की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के कार्यपालक निदेशक (वित्त) संदीप मोदी ट्रांसमिशन कंपनी के एजीएम मुकेश कश्यप SBI के डीजीएम राकेश कुमार सिन्हा असिस्टेंट जीएम राम विनोद सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










