
नवागढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वारदात में प्रयुक्त टांगी जब्त — आरोपी न्यायिक रिमांड पर
KPN24.com जांजगीर-चांपा 03 अप्रैल 2026
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। ग्राम गोधना में एक 60 वर्षीय व्यक्ति ने पारिवारिक रंजिश और जमीन विवाद के चलते अपने ही रिश्ते की महिला पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 02 अप्रैल 2026 को ग्राम गोधना निवासी भोलाशंकर कश्यप (60 वर्ष) ने जमीन विवाद के चलते निर्मला कश्यप पर उस समय टांगी से हमला कर दिया, जब वह घर में अकेली थी। आरोपी के अचानक किए गए हमले से महिला गंभीर रूप से घायल होकर वहीं बेहोश हो गई।
इसी दौरान जब प्रार्थी विशाल कश्यप घर लौटा तो आरोपी ने उस पर भी टांगी से हमला करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। हमले में विशाल कश्यप के हाथ में चोट आई। घर के भीतर जाकर देखने पर उसने अपनी पत्नी निर्मला कश्यप को बेहोश अवस्था में पाया, जिसके सिर में गहरी चोट लगी थी और काफी खून बह रहा था।
घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला को तत्काल शासकीय अस्पताल नवागढ़ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल जांजगीर रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन और गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी भोलाशंकर कश्यप को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त टांगी को भी जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) और 331(7) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे और नवागढ़ थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी त्वरित कार्रवाई से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया।










