
KPN24.com जांजगीर-चांपा 21 अप्रैल 2026
जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों और पावर प्लांट्स को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे और प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल ने अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह के सभाकक्ष में हाई-लेवल बैठक लेकर साफ चेतावनी दी—सुरक्षा मानकों में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी।
क्या बोले कलेक्टर?
कलेक्टर श्री महोबे ने दो टूक कहा कि
सभी उद्योग और पावर प्लांट सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें
श्रमिकों की सुरक्षा के लिए आधुनिक उपकरण और मशीनों का सही रखरखाव अनिवार्य
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव एहतियात बरती जाए
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अग्निशमन यंत्र, फायर अलार्म, CCTV, बायलर और मशीनरी का नियमित निरीक्षण और मेंटेनेंस किया जाए।
“गोल्डन ऑवर” में इलाज अनिवार्य
कलेक्टर ने सबसे अहम निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी औद्योगिक दुर्घटना की स्थिति में
‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर इलाज सुनिश्चित करना होगा
हर प्लांट में एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार टीम और इमरजेंसी मेडिकल सुविधा उपलब्ध हो
आपदा प्रबंधन के लिए स्पष्ट प्रोटोकॉल और नियमित प्रशिक्षण अनिवार्य किया जाए
टेक्निकल जांच में ढिलाई नहीं
सभी जोखिमपूर्ण मशीनों और उपकरणों की अधिकृत एजेंसियों से समय-समय पर जांच
तकनीकी खामियों को पहले ही पहचान कर दूर करने के निर्देश
सभी विभागों की संयुक्त समिति बनाकर सुरक्षा की समीक्षा
एसपी का सख्त निर्देश: हर प्लांट में मॉक ड्रिल
प्रभारी एसपी श्रीमती निवेदिता पाल ने कहा—
नियमित मॉक ड्रिल अनिवार्य की जाए
हर इकाई में क्विक रिस्पांस टीम (QRT) गठित हो
इमरजेंसी एग्जिट सिस्टम पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, एसडीएम सुब्रत प्रधान सहित उद्योगों के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










