
Kpn24.com जांजगीर-चांपा, 15 मई 2026
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत एकीकृत बाल विकास परियोजना पामगढ़ द्वारा सद्भावना भवन में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 15 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। पूरे समारोह में उत्साह, उल्लास और सामाजिक समरसता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। नवविवाहित जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने नवदंपत्तियों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएँ दीं। शासन की जनकल्याणकारी योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े के बैंक खाते में निर्धारित सहायता राशि भी प्रदान की गई।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में आयोजित इस समारोह के माध्यम से समाज को बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के प्रति जागरूक रहने तथा बेटियों को सम्मान एवं सुरक्षा देने का संदेश भी दिया गया।
समारोह में पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रीति अजय दिव्य, श्रीमती प्रमिला अजय साहू, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री रूपचंद साहू एवं नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गौरी छोटू जांगड़े विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनीता अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।










