"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

“पैसा डबल” का झांसा देकर 18 लाख की ठगी, शातिर आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

जमीन और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर रची गई ठगी की बड़ी साजिश का खुलासा

KPN24.com जांजगीर-चांपा 26 मई 2026

जिले के थाना पामगढ़ क्षेत्र में “पैसा डबल” करने का सपना दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को पामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़े ठगी गिरोह के तौर-तरीकों का खुलासा हुआ है। आरोपी लोगों को जमीन खरीदी-बिक्री में पार्टनरशिप और शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच देकर ठगी को अंजाम देता था।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पामगढ़ पुलिस ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

खेत गिरवी रखकर जुटाए थे रुपये

प्रार्थी कार्तिकेश्वर रात्रे, निवासी ग्राम चेउडीह तहसील पामगढ़, आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी विरेन्द्र कुमार दिवाकर (38 वर्ष) निवासी कटौद थाना नवागढ़, हाल मुकाम पामगढ़, जो इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालित करता है, ने उसे निवेश के नाम पर झांसे में लिया।

आरोपी ने दावा किया कि जमीन कारोबार और शेयर मार्केट में पैसा लगाने पर रकम कुछ ही समय में दोगुनी हो जाएगी। आरोपी की चिकनी-चुपड़ी बातों में आकर प्रार्थी ने फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नगद मिलाकर कुल 18 लाख रुपये आरोपी को दे दिए। रकम की व्यवस्था करने के लिए प्रार्थी ने अपना खेत तक गिरवी रख दिया और परिचितों से उधार भी लिया।

लगातार देता रहा झूठे आश्वासन

रकम लेने के बाद आरोपी लगातार जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसे होने का बहाना बनाता रहा। न तो निवेश का कोई लाभ मिला और न ही मूल रकम वापस हुई। खुद को ठगा महसूस करने पर पीड़ित ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।

दिनांक 20 मई 2026 को थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी द्वारा आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने दबिश देकर किया गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पामगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक बेदराम पटेल, विनोद मनहर सहित थाना पामगढ़ स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की जनता से अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि “पैसा डबल”, फर्जी निवेश योजनाओं और अवास्तविक मुनाफे के झांसे में न आएं। किसी भी निवेश से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More