"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

रायपुर में लगेगी आमों की महाबहार, तीन दिन तक “मैंगो फेस्ट” का जश्न

250 से ज्यादा देशी-विदेशी किस्मों से महकेगा कृषि विश्वविद्यालय परिसर, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ

KPN24.com रायपुर 28 मई 2026

राजधानी रायपुर में कल से आम प्रेमियों के लिए खास उत्सव शुरू होने जा रहा है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर अगले तीन दिनों तक आम की खुशबू और रंगों से सराबोर रहेगा। 29 से 31 मई तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय आम महोत्सव 2026 में देश-विदेश की 250 से अधिक किस्मों के आम आकर्षण का केंद्र बनेंगे। इस भव्य आयोजन का शुभारंभ 29 मई को शाम 4 बजे राज्यपाल रमेन डेका करेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। वहीं कृषि मंत्री रामविचार नेताम, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और कृषि विशेषज्ञ कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
यह आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
आम प्रेमियों के लिए खास आकर्षण
राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम की पारंपरिक से लेकर विदेशी किस्मों तक का विशाल प्रदर्शन होगा। यहां दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अलफांसो, केसर, मालदा, हिमसागर और तोतापरी जैसे लोकप्रिय आमों के साथ-साथ मियाजाकी, टॉमी एटकिंस और गोल्डन नगेट्स जैसी विदेशी किस्में भी देखने को मिलेंगी।
इसके अलावा मल्लिका, आम्रपाली, पूसा अरुणिमा, रत्ना और सिंधु जैसी संकर किस्मों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। हाथीझुल, नूरजहां और गुलाब खास जैसी दुर्लभ किस्में भी लोगों को आकर्षित करेंगी।
आम से बने स्वादिष्ट व्यंजनों की भी होगी धूम
महोत्सव में सिर्फ आमों की प्रदर्शनी ही नहीं, बल्कि आम से बने स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रतियोगिताएं भी होंगी। प्रतिभागी आम पना, आमरस, अचार, चटनी, जैम, शर्बत, आम पापड़ और मिठाइयों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
विद्यालयीन और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के लिए मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस, सजावट प्रतियोगिता और बोनसाई मॉडल प्रतियोगिता भी रखी गई है। प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा रॉय आम से विशेष व्यंजन बनाना सिखाएंगी।
किसानों और युवाओं को मिलेगा तकनीकी मार्गदर्शन
30 मई को “आम उत्पादन समस्या एवं समाधान” विषय पर विशेष तकनीकी सत्र आयोजित होगा। इसमें विशेषज्ञ किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले आम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और शासन की योजनाओं की जानकारी देंगे।
31 मई को सफल आम उत्पादक किसान और उद्यमी अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगे, ताकि युवा पीढ़ी भी इस व्यवसाय की ओर आकर्षित हो सके।
आम की गुठलियां लाओ, पौधा पाओ
महोत्सव में एक अनोखी पहल भी देखने को मिलेगी। जो व्यक्ति आम की 11 गुठलियां लेकर पहुंचेगा, उसे उन्नत किस्म का आम का पौधा निःशुल्क दिया जाएगा।
प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क
आयोजकों ने बताया कि महोत्सव में प्रवेश और प्रतियोगिताओं का पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। आम की प्रदर्शनी प्रतिदिन रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। यहां आम के पौधे, फल और विभिन्न उत्पादों की बिक्री भी की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More