"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

स्कूल में चोरी करने वाले गिरोह का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक लाख से अधिक का सामान बरामद

KPN24.com जांजगीर-चांपा 28 मई 2026

जिले के थाना चांपा पुलिस को स्कूल में चोरी करने वाले गिरोह के फरार आरोपी को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये से अधिक का चोरी का सामान बरामद किया है। मामले में पहले ही तीन आरोपियों को जेल भेजा जा चुका था, जबकि अब चौथा आरोपी भी पुलिस के शिकंजे में आ गया है।

जानकारी के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोजपुर चांपा के संकुल केंद्र में हुई चोरी की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। विद्यालय के प्राचार्य नवनीत पटेल निवासी बेलदार पारा चांपा ने 8 अक्टूबर 2025 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दशहरा अवकाश के दौरान 26 सितंबर 2025 को स्कूल बंद था। अवकाश समाप्त होने के बाद जब 8 अक्टूबर को स्कूल खोला गया तो संकुल केंद्र के कमरे का ताला टूटा मिला।
जांच के दौरान पता चला कि अज्ञात चोर खिड़की का रॉड तोड़कर अंदर घुसे थे और एलजी स्मार्ट एलईडी टीवी, क्लेम्प मीटर, डिजिटल मल्टीमीटर, प्लायर, एलईडी लाइट सेट, कूलर मोटर, हैमर, आयरन, पेंट, स्क्रू ड्राइवर और सर्किट बोर्ड समेत कई कीमती सामान चोरी कर ले गए थे।
मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 460/25 के तहत धारा 331(4) एवं 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पहले तीन आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
पुलिस ने पूर्व में मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर यश मिरी, अभिषेक मिरी और नितेश कुर्रे निवासी बैगीन बंधान चांपा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली थी। उनके कब्जे से 2 एलईडी टीवी, कांसा के बर्तन, वाई-फाई उपकरण, प्रोजेक्टर, बैटरी और टुल्लू पंप सहित कुल 1,03,200 रुपये का सामान बरामद किया गया था। तीनों आरोपियों को 5 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।
फरार आरोपी भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
मामले का चौथा आरोपी कुनाल मिरी पिता बुधेश्वर मिरी उम्र 21 वर्ष निवासी भोजपुर बैगिन तालाब चांपा घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने उसके घर में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से छिपाकर रखा गया सीपीयू, की-बोर्ड एवं कांसा के बर्तन बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, सउनि बाबूलाल दिवाकर, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी एवं थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना की है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More